उत्तराखंड: जन-जन की सरकार अभियान में 46 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी, 11 हजार लाभान्वित
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड: जन-जन की सरकार अभियान में 46 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी, 11 हजार लाभान्वित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा अभियान के दूसरे चरण के तहत सभी जनपदों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार के अनुसार, 6 जुलाई तक आयोजित शिविरों में 46,151 लोगों ने भागीदारी की। इनमें 11,667 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 1,961 जन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य समेत सभी प्रमुख विभाग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

प्रदेशभर में 4 जुलाई से शुरू हुआ यह 15 दिवसीय अभियान जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर संचालित किया जा रहा है। शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र, समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राजस्व संबंधी प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, बीज तथा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवश्यक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिलों में ऐसा रहा अभियान

सबसे अधिक भागीदारी देहरादून जिले में देखने को मिली, जहां आयोजित शिविरों में 30,410 लोगों ने हिस्सा लिया। यहां 7,721 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया तथा प्राप्त 34 आवेदनों में से 29 का मौके पर निस्तारण किया गया।

ऊधम सिंह नगर में 1,340 लोगों ने शिविरों में भाग लिया। यहां 551 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 490 का तत्काल निस्तारण किया गया।

हरिद्वार में आयोजित शिविरों में 2,859 लोगों ने भाग लिया और प्राप्त सभी 67 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।

पौड़ी गढ़वाल में 1,627 प्रतिभागियों की मौजूदगी में 386 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 373 का मौके पर निस्तारण किया गया।

इसके अलावा पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल सहित सभी जिलों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन किए।

राज्य सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, जन शिकायतों का त्वरित समाधान करना और प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाना है। अभियान आगामी दिनों में भी प्रदेशभर में जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *