CM धामी की समाज कल्याण विभाग समीक्षा: 60 वर्ष पूरे होते ही स्वतः मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, 9.80 लाख लाभार्थियों को ₹145.42 करोड़ DBT जारी
Latest देहरादून न्यूज

CM धामी की समाज कल्याण विभाग समीक्षा: 60 वर्ष पूरे होते ही स्वतः मिलेगी वृद्धावस्था पेंशन, 9.80 लाख लाभार्थियों को ₹145.42 करोड़ DBT जारी

देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाएं केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित न रहें, बल्कि अगले 25 वर्षों की चुनौतियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाएं ऐसी हों जो समय के साथ प्रभावी बनी रहें और अन्य राज्यों के लिए भी ‘बेस्ट प्रैक्टिस’ का उदाहरण बनें।

मुख्यमंत्री ने बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास डोईवाला (देहरादून), बाबू जगजीवन राम बालक छात्रावास पाइनस (नैनीताल) और बाबू जगजीवन राम बालिका छात्रावास सोमेश्वर (अल्मोड़ा) के निर्माण कार्य हर हाल में अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को जल्द बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न योजनाओं का बेहतर इंटीग्रेशन किया जाए तथा निर्माण कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि 60 वर्ष की आयु पूरी करते ही पात्र नागरिक स्वतः वृद्धावस्था पेंशन योजना के दायरे में शामिल हो जाएं, ताकि उन्हें आवेदन संबंधी अनावश्यक प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े और समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 की पेंशन राशि डीबीटी (वन क्लिक) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान कुल 9,80,950 लाभार्थियों को लगभग 145 करोड़ 42 लाख रुपये की पेंशन राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी और प्रभावी व्यवस्था विकसित करना है जो आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा करे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है तथा सरकार इन सभी क्षेत्रों में पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में कैबिनेट मंत्री खजान दास, समाज कल्याण सचिव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *