उत्तरकाशी में भारी बारिश का कहर: भूस्खलन से गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, यात्रा से पहले जानें ताजा अपडेट
Latest देहरादून न्यूज

उत्तरकाशी में भारी बारिश का कहर: भूस्खलन से गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, यात्रा से पहले जानें ताजा अपडेट

देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब चारधाम यात्रा मार्गों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री नेशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

जानकारी के अनुसार, नालूपानी के पास हुए भूस्खलन के चलते गंगोत्री नेशनल हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गया है। सड़क को खोलने के लिए संबंधित विभाग की टीमें युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं।

वहीं, स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री नेशनल हाईवे भी भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया है। एनएच बड़कोट की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास में जुटी हुई है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही यात्रा के दौरान पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *