मसूरी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मसूरी-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात बड़ा भूस्खलन हो गया। रात करीब 11:30 बजे पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
हाईवे बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पर्यटक तथा स्थानीय लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। लगातार बारिश के चलते राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन को पहले जेसीबी मशीनों के पहुंचने का इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करते समय विशेष सावधानी बरतें। अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है, जिससे मार्ग बहाली का कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
