देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे दो से तीन मकानों को भारी नुकसान पहुंचा और कई परिवारों के आशियाने मलबे में तब्दील हो गए। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
हादसे में एक महिला घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान शुरू किया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और देहरादून के जिलाधिकारी भी भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। मंत्री गणेश जोशी ने देर रात तक मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के साथ ही नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
