राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भाजपा का पलटवार, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम
Latest देहरादून न्यूज

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भाजपा का पलटवार, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम

देहरादून। राहुल गांधी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर परेड ग्राउंड के आयोजन स्थल पर जारी विवाद के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा परेड ग्राउंड के लिए किए गए शुरुआती आवेदन में राहुल गांधी के कार्यक्रम का कोई उल्लेख नहीं था।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि परेड ग्राउंड में पहले से आयोजित लोक संवर्धन पर्व की अवधि बढ़ाए जाने के कारण प्रशासन ने कांग्रेस को बन्नू स्कूल मैदान समेत अन्य वैकल्पिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। ऐसे में कांग्रेस का यह आरोप कि उसके कार्यक्रम को जानबूझकर रोका जा रहा है, पूरी तरह निराधार है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम आयोजित करने का पूरा अधिकार है। हालांकि, सभी दलों की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासनिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रशासन उपलब्ध परिस्थितियों के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था देने के लिए तैयार है। उन्होंने कांग्रेस से तथ्यों के आधार पर राजनीति करने और जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा न करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *