राहुल गांधी के देहरादून दौरे पर सस्पेंस! परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द होने की चर्चा, कांग्रेस ने किया खंडन
Latest देहरादून न्यूज

राहुल गांधी के देहरादून दौरे पर सस्पेंस! परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द होने की चर्चा, कांग्रेस ने किया खंडन

देहरादून: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने की चर्चाओं के बीच उत्तराखंड कांग्रेस ने इन खबरों का खंडन किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 8 जुलाई को नगर निगम और जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी, जिसे स्वीकृति भी मिल चुकी है। हालांकि, बीच में कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने की चर्चाएं सामने आईं, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।

इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने संबंधी कोई भी लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया है और 17 जुलाई को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम परेड ग्राउंड में ही आयोजित होगा।

कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया गया है और आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। टेंट और अन्य व्यवस्थाओं के लिए वाहन भी परेड ग्राउंड पहुंचे।

ट्रकों को परिसर में प्रवेश नहीं मिलने की खबरों पर भी गणेश गोदियाल ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि वाहनों को तत्काल प्रवेश न मिलने का कारण केवल यह है कि आयोजन की अनुमति निर्धारित तिथि से प्रभावी है। इसका कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने से कोई संबंध नहीं है।

राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *