भीमताल विकास भवन में CDO का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी बिना अवकाश मिले अनुपस्थित
Latest देहरादून न्यूज

भीमताल विकास भवन में CDO का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी बिना अवकाश मिले अनुपस्थित

भीमताल: नैनीताल के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविन्द कुमार पाण्डे ने विकास भवन, भीमताल स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के कर्मचारी बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज नहीं मिली। सभी संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय और युवा कल्याण विभाग के कई कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित मिले। वहीं समाज कल्याण विभाग में कुछ कर्मचारी कार्यालय में मौजूद होने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर नहीं पाए गए, जिसे भी गंभीर अनियमितता माना गया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि गेस्ट हाउस में दो लोगों के ठहरने का रिकॉर्ड तो था, लेकिन विजिटर रजिस्टर में उनकी कोई प्रविष्टि दर्ज नहीं थी। इस पर CDO ने जिला युवा कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गेस्ट हाउस में कक्ष आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति अनुमोदन मिलने के बाद कक्ष आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने गेस्ट हाउस के रखरखाव, साफ-सफाई और अभिलेखों के उचित संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *