नैनीताल। जनपद में जनहित एवं सतत विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में संचालित CSR गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का चयन कर उनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शीघ्र तैयार कर समिति को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इससे CSR निधि का पारदर्शी, सुनियोजित एवं जनहित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे ने कहा कि CSR के अंतर्गत सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था (सोलर लाइट) को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिल सके और जनपद के समग्र विकास को नई गति मिले।
बैठक के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो बैंक CSR के अंतर्गत अपेक्षित सहयोग नहीं करेंगे, उनके साथ संचालित खातों को मंगलवार तक अन्य सहयोगी बैंकों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
