नैनीताल डीएम कार्यालय के निरीक्षण में आयुक्त दीपक रावत ने दिखाई सख्ती
Latest देहरादून न्यूज

नैनीताल डीएम कार्यालय के निरीक्षण में आयुक्त दीपक रावत ने दिखाई सख्ती

Oplus_16908288

नैनीताल। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, शस्त्र अनुभाग, सूचना का अधिकार (आरटीआई) अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार, भू-अभिलेख अनुभाग सहित विभिन्न पटलों का गहन निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय में खाद्य सुरक्षा अधिनियम, गुंडा नियंत्रण अधिनियम और स्टांप अधिनियम से संबंधित लंबित वादों की समीक्षा की गई। वादों के निस्तारण की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का अगले दो माह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि संबंधी नकल के लिए प्राप्त आवेदनों का समय पर पंजिका में अंकन और आवेदकों को निर्धारित समय सीमा में नकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आवेदन दर्ज करने में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।

दीपक रावत ने निर्देश दिए कि दोनों अपर जिलाधिकारी प्रत्येक माह एक-एक बार राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी को रोस्टर जारी करने तथा व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की भी समीक्षा करने को कहा गया।

शस्त्र और खनन पटल के निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति पर आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को प्रत्येक माह गन हाउस का गहन निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित और निस्तारित वादों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने वादों के त्वरित निस्तारण पर संतोष जताया और कहा कि इसी प्रकार अपर जिलाधिकारी भी अपने न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल शर्मा, मुरलीधर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने आयुक्त दीपक रावत का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया, जबकि पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *