सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को किया रवाना
Latest देहरादून न्यूज

सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को किया रवाना

Oplus_16908288

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और दुनिया के सामने भारतीय सेना के पराक्रम का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देश सदैव अपने वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वीरों की भूमि के रूप में जाना जाता है। प्रदेश के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *