मुख्यमंत्री धामी ने खैनूरी सड़क क्षति का लिया संज्ञान, शीघ्र आवागमन बहाल करने के दिए निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

मुख्यमंत्री धामी ने खैनूरी सड़क क्षति का लिया संज्ञान, शीघ्र आवागमन बहाल करने के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क के आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर जल्द आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री से खैनूरी गांव के ग्रामीणों ने दूरभाष पर संपर्क कर सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के चलते सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के लगभग 120 परिवारों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्या सुनते ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करते हुए ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े प्रत्येक विषय पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आमजन की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करते हुए धरातल पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *