पौड़ी बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं की सुविधाओं को लेकर डीएम स्वाति भदौरिया सख्त
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं की सुविधाओं को लेकर डीएम स्वाति भदौरिया सख्त

पौड़ी। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पौड़ी बस अड्डे पर बाल विकास विभाग द्वारा निर्मित अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बस अड्डे का निरीक्षण कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अमृत कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, लाभार्थी महिला से फीडबैक प्राप्त किया और एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंट किया। उन्होंने कहा कि यह कक्ष धात्री माताओं को यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ, निजी और गरिमापूर्ण वातावरण में शिशु को स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इसे मातृत्व सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने बताया कि बस अड्डे पर महिलाओं एवं किशोरियों की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित की जा रही है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भी पिछले दो माह से ऐसी मशीनें कार्यरत हैं, जिससे महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी सुविधाएं मिल रही हैं।

निरीक्षण के दौरान शौचालयों में सफाई, पेयजल और नलों की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शौचालय परिसर में सामग्री के सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए कैबिनेट स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने बस अड्डे पर क्षतिग्रस्त कुर्सियां बदलने, यात्रियों के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अनधिकृत बैनर-पोस्टर हटाने तथा परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को रंग-रोगन, फ्लोरिंग, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला प्रशासन सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और महिला-अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि अमृत कक्ष और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन के माध्यम से बस स्टेशन आने वाली महिलाओं एवं किशोरियों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर एआरटीओ एन.के. ओझा, मंगल सिंह, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, नरेंद्र टम्टा, अरविंद रावत सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *