जिलाधिकारी ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न सुनवाई स्थलों पर एआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर से मतदाता पुनरीक्षण, दावे-आपत्तियों की सुनवाई तथा दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि SIR की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और मतदाता हितैषी हो। दस्तावेजों का उचित परीक्षण करने के बाद ही उन्हें ऑनलाइन अपलोड किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर मूल दस्तावेजों की स्पष्ट फोटो लेकर रिकॉर्ड को अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण उसी दिन संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। अनुपस्थित मतदाताओं को नियमानुसार एक और अवसर दिया जाए। साथ ही बीएलओ और अन्य निर्वाचन कार्मिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरी पुनरीक्षण प्रक्रिया निष्पक्षता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि पुनरीक्षण कार्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का सहयोग मिल रहा है।

नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण
निर्वाचन कार्यों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता व्यवस्था, उपस्थित पंजिका, कर वसूली, ई-ऑफिस और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की।
उन्होंने नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने और सुबह के समय फील्ड में जाकर सफाई कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कर वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और उससे पूर्व की लंबित वसूली को पूरा कराने के निर्देश दिए। भवन कर के बकायेदारों की सूची तैयार कर नियमानुसार नोटिस जारी करने को कहा गया।
इसके अलावा निर्माणाधीन डॉग पाउंड का कार्य जल्द पूरा कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ देने के निर्देश दिए गए। ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग से सरकारी कार्यों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, सभासद प्रदीप असवाल सहित बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
