September 13, 2026
यमकेश्वर में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू, पहले दिन 209 लोगों ने लिया लाभ
Latest देहरादून न्यूज

यमकेश्वर में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू, पहले दिन 209 लोगों ने लिया लाभ

यमकेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) यमकेश्वर में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का बुधवार को शुभारंभ हुआ। यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने शिविर का उद्घाटन किया।

12 से 14 अगस्त तक आयोजित इस शिविर के पहले दिन 209 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में न जाना पड़े।

शिविर में नेत्र रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, जनरल मेडिसिन और स्त्री रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार दिया। इसके साथ ही निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग और गैर-संचारी रोग (NCD) स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पहले दिन 42 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 8 लोगों की टीबी जांच और 30 लोगों की प्रयोगशाला जांच की गई। ईएनटी विशेषज्ञ से 20, हड्डी रोग विशेषज्ञ से 21, जनरल फिजिशियन से 72 और नेत्र रोग विशेषज्ञ से 55 लोगों ने परामर्श लिया। वहीं 13 लोगों को एक्स-रे सुविधा मिली और 41 महिलाओं का स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम मुयाल, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, डॉ. मोहित, डॉ. अगमकांत, डॉ. अंशिका, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पंकज नौटियाल, दीपिका कपरवान, मुकेश चमोली सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *