September 11, 2026
उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, 14 से 17 अगस्त तक कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र बारिश का दौर होने की संभावना है। वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है।

15 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव की व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *