नई टिहरी में हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में अभियान के तहत चल रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।
डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) देहरादून की ओर से नई टिहरी में आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी की भी जानकारी दी। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

CBC के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि 14 और 15 अगस्त को नई टिहरी में एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
