चमोली जिले के गोपेश्वर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनन्द स्वरूप ने जिला सभागार गोपेश्वर में समीक्षा बैठक कर रेस्क्यू अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रमिकों से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों के अनुसार हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। सात श्रमिकों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में चल रहा है, जबकि एक श्रमिक को एम्स ऋषिकेश में उपचार दिया जा रहा है। हादसे में आठ श्रमिकों की दुखद मृत्यु हुई है, जबकि दो लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि टनल में लापता श्रमिकों की तलाश और रेस्क्यू कार्य को पूरी गंभीरता एवं तेजी के साथ जारी रखा जाए। उन्होंने सभी रेस्क्यू एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। वहीं, एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का कार्य जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाकर टनल के भीतर खोज एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने और टीएचडीसी से संबंधित रेस्क्यू एवं अन्य जरूरी कार्यों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही बैठक में श्रमिकों के हितों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा प्रकरण की जानकारी श्रम आयुक्त को भी देने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी श्री विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी श्री राज कुमार पांडे, श्री अलकेश नौटियाल सहित टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
