September 11, 2026
देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शुभारंभ, CM धामी ने किया उद्घाटन
Latest खेल देहरादून न्यूज

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शुभारंभ, CM धामी ने किया उद्घाटन

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए देश-विदेश से प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता 20 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और माहौल में बड़ा बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को मजबूती मिली है। भारतीय खिलाड़ी आज ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

खेल अवस्थापना को मजबूत करने पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य जारी है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

खिलाड़ियों को मिल रही प्रोत्साहन सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के साथ आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए एक पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *