देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पोर्टल पर अपने निबंध एवं सुझाव जमा कर उत्तराखण्ड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को प्रदेशभर के कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में अपने उत्तराखण्ड को किस रूप में देखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के आह्वान के बाद सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी की।

अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक सहित आठ प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव और नए विचार प्रस्तुत किए हैं। सरकार के अनुसार, ये निबंध केवल लेख नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और भविष्य के उत्तराखण्ड को लेकर उनकी सोच को दर्शाने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा है कि विद्यार्थियों से प्राप्त अच्छे और व्यावहारिक सुझावों का अवलोकन किया जाएगा। उपयोगी विचारों को राज्य की नीतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विजन और अनुभवों को सुनेंगे।
श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। वहीं, पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
अभियान में प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के साथ ही सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिल रही है। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से सीधे जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
अभियान के तहत निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी न रहे, बल्कि ‘विकसित उत्तराखण्ड’ की संकल्पना और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदार बने।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थी केवल उत्तराखण्ड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज के उत्तराखण्ड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान के माध्यम से सरकार नई पीढ़ी की सोच को सुन रही है और युवाओं के अच्छे एवं व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान देने का प्रयास किया जा रहा है।
