September 11, 2026
पौड़ी में विकास योजनाओं की समीक्षा, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

पौड़ी में विकास योजनाओं की समीक्षा, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

Oplus_16908288

पौड़ी ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को पौड़ी पहुंचकर अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार एवं सीडीओ अशोक जोशी ने उनका स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

बैठक में वीबी-जी रामजी योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पशुपालन, बांस मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने ग्रामीण विकास, रोजगार और लोगों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के बीच बेहतर कन्वर्जेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने वीबी-जी रामजी योजना के तहत मनरेगा की लंबित देनदारियों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों तक योजनाओं की पूरी जानकारी पहुंचाने, अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा आपदा से क्षतिग्रस्त पुश्तों, सॉलिड वेस्ट और वाटरशेड मैनेजमेंट को भी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

Oplus_16908288

उन्होंने बांस और रिंगाल जैसे स्थानीय संसाधनों को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही पौड़ी जिले में बांस की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। पशुपालन क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के बेहतर समन्वय से रोजगार के अवसर बढ़ाने, पशु सखियों को कृत्रिम गर्भाधान का प्रशिक्षण देने, बंजर भूमि पर नेपियर घास विकसित करने और गोट वैली को बढ़ावा देने की बात कही।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूहों द्वारा पिरूल से पेलेट तथा माल्टे के छिलकों से फेस पैक, बायो-एंजाइम सहित अन्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। मंत्री ने इन स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कीवी उत्पादन को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-4 के तहत अधिक से अधिक सड़कों को चिन्हित कर दूरस्थ गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के निर्देश भी मंत्री ने दिए। इसके साथ ही वन भूमि से संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर बढ़ाने के लिए स्थानीय संसाधनों तथा सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *