September 12, 2026
उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर लॉन्च, सीएम धामी बोले– लोक विरासत को मिलेगी नई पहचान
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर लॉन्च, सीएम धामी बोले– लोक विरासत को मिलेगी नई पहचान

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास में उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति एवं लोक आख्यानों पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ के टीजर और पोस्टर का लोकार्पण किया। हिमाद्रि प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित यह फिल्म न्याय देवता के रूप में पूजित गोलज्यू देवता के बाल जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी और निर्माण मनोज चंदोला ने किया है। इसके अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, लोक परंपराएं, लोकगाथाएं और लोक देवताओं की समृद्ध विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उत्तराखण्ड की लोक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को फिल्म शूटिंग के लिए देश का पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पर्यटन नीति के तहत फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन, त्वरित अनुमति व्यवस्था और फिल्म पर्यटन के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं प्रदेश की कला, संस्कृति, बोली-भाषा और पर्यटन स्थलों को भी व्यापक पहचान मिलेगी। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से उत्तराखण्ड की अन्य लोकगाथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं पर भी फिल्म निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर फिल्म के निर्माता मनोज चंदोला, निर्देशक नितिन तिवारी तथा फिल्म से जुड़े कलाकार एवं अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *