September 11, 2026
नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी बाढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताई संवेदना, हरसंभव सहयोग का भरोसा
Latest देहरादून न्यूज

नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी बाढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताई संवेदना, हरसंभव सहयोग का भरोसा

Oplus_16908288

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड सरकार और प्रदेश की जनता इस कठिन समय में नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा प्रभावित लोगों की सुरक्षा की प्रार्थना करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति, आस्था, परंपराओं और सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कुमाऊं क्षेत्र, विशेषकर पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे सीमावर्ती जिलों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई यह आपदा उत्तराखण्ड के लोगों के लिए भी अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट जैसी पीड़ा लेकर आई है।

मुख्यमंत्री धामी ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि नेपाल सरकार के नेतृत्व में राहत एवं पुनर्वास कार्य प्रभावी ढंग से संचालित होंगे तथा प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *