जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कल्जीखाल स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोटागढ़ में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और सहायता सेवाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षित परिस्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता लेनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच की पहचान, असहज या अनुचित व्यवहार की स्थिति में सतर्क रहने तथा भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करने के लिए भी जागरूक किया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सरकारी सहायता तंत्र का उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यशाला में प्रधानाचार्या माधवी पुण्डरी, सहायक अध्यापिका मीनाक्षी कोहली, संजय कुमार चंदोला सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
