देहरादून: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) द्वारा प्रकाशित तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों का मंगलवार को लोक भवन, देहरादून में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने विमोचन किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन तथा राजभवन एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
विमोचित पुस्तकों में ‘21वीं सदीः चुनौतियां और अवसर’, ‘विकसित भारत@2047—आत्मनिर्भर, समावेशी और सतत राष्ट्र निर्माण के बढ़ते कदम’ तथा ‘विकसित उत्तराखण्डः राज्यपाल के पंच स्वप्न और संदृष्टि’ शामिल हैं।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसी अकादमिक कृतियां आत्मनिर्भरता, नवाचार, ज्ञान, शिक्षा और सतत विकास जैसे विषयों पर सार्थक विमर्श को बढ़ावा देती हैं तथा विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड की परिकल्पना को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम में राज्य के सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति, लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुस्तकों के सम्पादन मंडल के सदस्य प्रो. मंजरी अग्रवाल, प्रो. डिगर सिंह फर्सवाण, प्रो. जितेंद्र पाण्डेय, प्रो. कमल देवलाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय ने इन पुस्तकों के प्रकाशन को अकादमिक एवं बौद्धिक गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
