मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में अध्ययनरत बच्चों के साथ अपना जन्मदिवस मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिवस की खुशियां साझा कीं और उनके बीच समय बिताते हुए आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री बच्चों से स्नेहपूर्वक मिले, उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर बच्चे भी बेहद उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए। पूरे कार्यक्रम के दौरान संस्थान का वातावरण अपनत्व, स्नेह और उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं, जिन्हें अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास के माध्यम से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी तथा संस्थान के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
