October 7, 2026
काशीपुर में CM धामी का युवा संवाद, 1400+ विद्यार्थियों से विकास और रोजगार पर हुई चर्चा
Latest देहरादून न्यूज शिक्षा

काशीपुर में CM धामी का युवा संवाद, 1400+ विद्यार्थियों से विकास और रोजगार पर हुई चर्चा

काशीपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने तथा विकसित भारत 2047 और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में देश के युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और आउट-ऑफ-द-बॉक्स सोच सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपने बड़े हैं और उनकी प्रतिभा राज्य के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में चलाए गए “मेरे सपनों का उत्तराखंड” अभियान के तहत विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों ने सरकार को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, पलायन रोकने और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुझावों से स्पष्ट है कि प्रदेश का युवा जागरूक और भविष्य के प्रति गंभीर है।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं, सरकारी स्कूलों में NCERT आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है और वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने नंदा गौरा योजना, स्टेम लैब्स, साइंस सिटी और नवाचार आधारित शिक्षा को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

रोजगार और उद्यमिता पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके लिए स्टार्टअप, डिमांड-बेस्ड स्किल्स, उद्योग और स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने युवा आयोग, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम, भ्रष्टाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित युवा आयोग युवाओं को शिक्षा पूरी होने के बाद रोजगार और सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के भविष्य के लिए राज्य में अग्निवीर सेल गठित किया जा रहा है।

एआई पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है और युवाओं को नई तकनीकों से अनभिज्ञ नहीं रहना चाहिए। वहीं भ्रष्टाचार पर उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाए जाने की स्थिति में नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने अंत में युवाओं से नशा मुक्त उत्तराखंड का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार अवसर और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन सफलता युवाओं की मेहनत, शिक्षा और आत्मविश्वास से ही सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *