देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होना प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्य सचिव ने कहा कि नए कैंपस के शुरू होने से उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे छात्रों को विभिन्न प्रबंधन पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान और बेहतर संसाधन मिलें, तो वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। यह कैंपस युवाओं के लिए नए अवसरों और कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता श्री देवेंद्र प्रकाश तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
