सर्दियों के मौसम में बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखण्ड को छह माह के लिए 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की है। यह आवंटन केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनावंटित पूल से किया गया है और 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार अक्टूबर में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट तथा मार्च में 9 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे सर्दियों के दौरान प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बिजली आवंटन से राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकता पूरी करने और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
