नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को डीएम कैंप कार्यालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और सड़क मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों को स्मूथ और सुरक्षित बनाया जाए। जहां सड़क पर मिट्टी जमा है या निर्माण कार्य के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल सफाई और सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
त्योहारी सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में सड़क मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने पात्र मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया तेज करने और सभी अस्पतालों में योजना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
