उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य हर्षिल हेलीपैड पहुंचे। उन्होंने सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई एवं पैदल रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा करते हुए कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
उन्होंने हर्षिल हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, राहत सामग्री तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेस्क्यू होकर पहुंचने वाले ट्रेकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन के अनुसार ट्रेकर्स की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम के अनुरूप रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है।
