October 26, 2026
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

रुद्रप्रयाग, उत्तराखण्ड। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, देशवासियों और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने बाबा केदारनाथ से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।

राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा से उन्हें धाम में दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड को नमन करते हुए चारधाम की पावन भूमि पर राज्यपाल के रूप में सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

देश-विदेश से केदारनाथ पहुंचते हैं श्रद्धालु

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं। उन्होंने कामना की कि बाबा के आशीर्वाद से उत्तराखण्ड सहित पूरा देश सुख, शांति और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़े।

देवभूमि को स्वच्छ और नशामुक्त बनाने का आह्वान

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से उत्तराखण्ड को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोना और संस्कृति की रक्षा करना आवश्यक है।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड देश को संस्कार देने वाली पवित्र भूमि है। यहां की परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और विरासत का संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *