पौड़ी गढ़वाल। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परिषदीय परीक्षा-2027 के सुचारु संचालन की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, परीक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 126 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 125 मिश्रित परीक्षा केंद्र और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीधार में एक एकल केंद्र शामिल है। इन केंद्रों पर संस्थागत एवं व्यक्तिगत श्रेणी के कुल 11,557 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी विकासखंडों में 15 केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेज चमाड़ा को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार तय होंगे परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में विद्यार्थियों की सुविधा और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को प्राथमिकता दी जाए। जिन विद्यालयों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए अधिक पैदल दूरी तय करनी पड़ती है, वहां निकटवर्ती विद्यालय के प्रधानाचार्य से समन्वय कर स्थिति की समीक्षा की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में बताया गया कि 33 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 60 से कम होने अथवा दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निर्धारित मानकों में छूट देते हुए स्व-केंद्र की अनुमति दी गई है। स्व-केंद्र व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को अपने ही विद्यालय में परीक्षा देने की सुविधा मिलती है।

स्व-केंद्र के लिए औचित्यपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना को निर्देश दिए कि ऐसे अन्य विद्यालयों के प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किए जाएं, जहां कम छात्र संख्या, कठिन पहुंच या दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण स्व-केंद्र की आवश्यकता हो। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों में आवश्यकता और औचित्य स्पष्ट होना चाहिए।
इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकें।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श, राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर के प्रधानाचार्य वी.पी. डोभाल, राजकीय इंटर कॉलेज कोट के प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र नैथानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
