October 29, 2026
पौड़ी में EVM-VVPAT की जांच जारी, 26 अक्टूबर तक 528 बैलेट यूनिट और 527 वीवीपैट सही पाए गए
Latest राजनीति राज्य

पौड़ी में EVM-VVPAT की जांच जारी, 26 अक्टूबर तक 528 बैलेट यूनिट और 527 वीवीपैट सही पाए गए

पौड़ी गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) और कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) जारी है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह जांच राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के इंजीनियरों द्वारा की जा रही है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर पी.आर. चौहान ने बताया कि जनपद में कुल 1,626 बैलेट यूनिट, 1,998 कंट्रोल यूनिट और 2,117 वीवीपैट उपलब्ध हैं। 26 अक्टूबर 2026 तक की जांच के दौरान 546 बैलेट यूनिट में से 528, 635 कंट्रोल यूनिट में से 190 तथा 559 वीवीपैट में से 527 सही पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान निर्वाचन उपकरणों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। एफएलसी प्रक्रिया में 15 सुपरवाइजर एवं स्टाफ, 15 ईवीएम नोडल स्टाफ, 10 ईसीआईएल इंजीनियर और 40 श्रमिक शामिल हैं।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में हो रही जांच

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि वेयरहाउस में एफएलसी का कार्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में कराया जा रहा है। जांच प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार वेबकास्टिंग की जा रही है। जांच में सही पाई जाने वाली बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखा जा रहा है।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रही यह प्रक्रिया आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए निर्वाचन उपकरणों की तकनीकी जांच और उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित करने की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *