पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड नैनीडांडा अंतर्गत चैड़ मंजखोला (देधार) क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में 8 जुलाई 2026 को ग्रामवासी सत्ती लाल के दो गाय और एक बैल को गुलदार ने जंगल में मार डाला, जबकि तीन अन्य गायों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, यह घटना गांव के समीप स्थित डाबर जंगल में हुई। ग्राम प्रधान प्रीति देवी ने बताया कि घटना की सूचना उसी दिन शाम करीब 7 बजे धूमाकोट रेंज कार्यालय में रेंजर और फॉरेस्टर को दे दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम अगले दिन मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वन विभाग ने स्थानीय पंचों की मौजूदगी में घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया और प्रभावित पशुपालक सत्ती लाल को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और गांव की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
