देहरादून। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने आज राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में हुई घटना के बाद संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टनल के भीतर लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान, घायलों के उपचार तथा घटनास्थल पर संचालित अन्य राहत कार्यों की जानकारी ली।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी ने मंत्री को राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री मदन कौशिक ने निर्देश दिए कि मृतकों के शवों को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर चुके हैं और अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना है।
समीक्षा के दौरान मदन कौशिक ने आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान की भी जानकारी ली। उन्होंने संभावित मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न नदियों के जलस्तर की जानकारी लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान को मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप संचालित करने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
