मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए एहतियातन चारधाम यात्रा को 27 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
प्रशासन ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अगले आदेश तक अपनी यात्रा शुरू न करें तथा जो यात्री मार्ग में हैं, वे निकटतम सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।
जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभाग लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक मौसम और यात्रा संबंधी अपडेट के आधार पर ही अपनी आगे की यात्रा की योजना बनाएं।
