उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन श्री आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा, श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए चारधाम यात्रा की सफल एवं सुरक्षित संचालन की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ रखा जाए।

उन्होंने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों और मंदिर परिसर में नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा दर्शन और स्नान के दौरान सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
