मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर अभियान की समीक्षा, जिलाधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर अभियान की समीक्षा, जिलाधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चल रहे नोटिस एवं सुनवाई चरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले तीन सप्ताह जिलाधिकारी पूरी तरह नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करें और अधिक से अधिक समय फील्ड में रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश पहली सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसे पर्याप्त समय देते हुए दूसरी सुनवाई का अवसर दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी जनपदों को सप्ताह में दो बार राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर फीडबैक लेने तथा मान्यता प्राप्त दलों के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के सुझाव भी प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सीईओ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिलेवार फील्ड विजिट कर स्थिति का आकलन करने को कहा।                                                                                                                                                                                             

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया तथा जिन बूथों पर 100 से अधिक नोटिस जारी हुए हैं, वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने क्लस्टर स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ के नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी और ईआरओ भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *