खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान करने को कहा ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान प्राप्त हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। 
इसके बाद मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में सामाजिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 27 दिव्यांगजनों को 77 तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। वितरित उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राईसाइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां सहित वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर एवं सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाकर महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
