पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹110.55 करोड़ की लागत से तैयार 19 विकास योजनाओं की सौगात प्रदेशवासियों को दी, जिनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास तथा 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

जनपद मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विकसित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण कर वहां स्थापित इंटरएक्टिव मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनियों और आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विज्ञान शिक्षण और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जिला विज्ञान संग्रहालय का विकास जिला योजना के अंतर्गत “बिल्डिंग एज लर्निंग एड” की अवधारणा पर किया गया है। पहले अनुपयोगी पड़े भवन को पुनर्विकसित कर इसे विज्ञान, नवाचार और शिक्षण के आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में आयोजित जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उन्हें सलामी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से नवस्थापित विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह बच्चों और युवाओं में विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करेगा।
उन्होंने कहा कि लगभग ₹110 करोड़ की लागत से स्वीकृत 19 विकास योजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगी। मुख्यमंत्री ने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी की।
शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में सिंगटाली में गंगा नदी पर सेतु निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण और सुधारीकरण, पौड़ी पुरानी जेल भवन का नवीनीकरण, अपर बाजार और माल रोड का सौंदर्यीकरण तथा बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं लोकार्पित योजनाओं में जाखणीखाल-ठंठोली-रणेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण, श्रीकोट गंगानाली में 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड एवं एथलेटिक ट्रैक, कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का उन्नयन और आधुनिक विज्ञान संग्रहालय प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया।
