मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार सुबह नानकमत्ता जाते समय झनकट क्षेत्र में स्थानीय लोगों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और आमजन से सीधे संवाद किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं।
मुख्यमंत्री धामी ने लोगों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों को संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार जनसेवा के लिए सदैव आमजन के साथ खड़ी है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
