रुद्रप्रयाग। पवित्र श्रावण मास के दौरान विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश-विदेश से पहुंचे शिव भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन कर भाव-विभोर नजर आए। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दिव्य दर्शन का अनुभव उनके जीवन के सबसे यादगार और आध्यात्मिक क्षणों में से एक रहा।
श्रद्धालुओं ने बताया कि धाम में दर्शन के दौरान उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि कठिन यात्रा के बावजूद बाबा केदारनाथ के दर्शन से उनकी सभी थकान दूर हो गई और मन श्रद्धा से भर गया।
यात्रियों ने जिला प्रशासन और उत्तराखंड सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी खुलकर सराहना की। श्रद्धालुओं के अनुसार यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विश्राम स्थलों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी हुई है।

प्रशासन की ओर से भी लगातार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रावण मास में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल हो सके।
बाबा केदारनाथ धाम में श्रद्धा और आस्था का यह अद्भुत संगम श्रावण मास के दौरान निरंतर देखने को मिल रहा है, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
