देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्त कांवड़ियों की सेवा करते हुए उनके पैर धोए और उन्हें भोजन कराया। इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ियों का स्वागत कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सभी लोगों के योगदान की सराहना करते हुए सफाईकर्मियों और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में इन कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन में लगे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सभी शिव भक्त कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सफल और सुरक्षित संपन्न होने की कामना की।
