आयुक्त दीपक रावत ने किया SIR अभियान के तहत विभिन्न बूथों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

आयुक्त दीपक रावत ने किया SIR अभियान के तहत विभिन्न बूथों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज में चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

आयुक्त ने कहा कि अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालित किया जा रहा है और पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई विभिन्न बूथों पर की जा रही है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम, पिता के नाम या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर पहुंचकर उसका निराकरण करा सकते हैं। प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

आयुक्त दीपक रावत ने प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न की जाए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन कराएं। इससे निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर, BLO और निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *