देहरादून में डेंगू रोकथाम अभियान का शुभारंभ, 15 लार्वीसाइडल टैंकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना
Latest राज्य

देहरादून में डेंगू रोकथाम अभियान का शुभारंभ, 15 लार्वीसाइडल टैंकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना

देहरादून, 4 जून 2026। मानसून सीजन के दौरान डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने जनस्वास्थ्य सुरक्षा और डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम परिसर से डेंगू रोकथाम हेतु लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

अभियान का शुभारंभ महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय (आईएएस) ने हरी झंडी दिखाकर किया। डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को शुरुआती अवस्था में ही नष्ट करने और संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं वार्डों के लिए रवाना किया गया।

नगर निगम के अनुसार ये टैंकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संभावित मच्छर प्रजनन क्षेत्रों में नियमित रूप से लार्वीसाइडल छिड़काव और उपचारात्मक कार्यवाही करेंगे।

नगर निगम प्रशासन इस अभियान को व्यापक जनस्वास्थ्य पहल के रूप में संचालित कर रहा है। इसके तहत लार्वीसाइडल छिड़काव के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और स्वच्छता संबंधी विशेष गतिविधियां भी चलाई जाएंगी। निगम का लक्ष्य डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।

इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है तथा नगर निगम शहरवासियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सभी वार्डों में सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक, स्वास्थ्य अनुभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास जलभराव न होने दें, पानी की टंकियों को ढककर रखें, कूलर एवं गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें और डेंगू रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग करें। निगम प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी व्यापक स्तर पर डेंगू नियंत्रण और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां जारी रखी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *