September 11, 2026
अंडरग्राउंड केबल कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश
Latest राज्य

अंडरग्राउंड केबल कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश

देहरादून, 04 जून 2026 (सूवि)। देहरादून में अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है। जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक चल रहे कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों में देरी और पर्याप्त संसाधनों की कमी पर नाराजगी जताते हुए यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विभिन्न स्थानों पर सड़क खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा अव्यवस्थित रूप से पड़ा हुआ है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डीएम ने यूपीसीएल अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल हटाया जाए तथा रोड कटिंग समिति की अनुमति की शर्तों का पालन करते हुए आगामी पांच दिनों के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त संख्या में मैनपॉवर और मशीनरी लगाई जाए तथा 500-500 मीटर के पैच बनाकर तेजी से कार्य किया जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित मार्गों को शीघ्र सड़क पुनर्स्थापन (रोड रिस्टोरेशन) के लिए लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाए, ताकि सड़क मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

डॉ. आशीष चौहान ने यूपीसीएल को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैल (GAIL) द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए ली गई अनुमति से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की और शर्तों के अनुरूप कार्य पूर्ण कर सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोनिवि अधिकारियों को मानसून से पहले सभी प्रभावित सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि ओ.पी. सिंह तथा यूपीसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *