नैनीताल। शहरी विकास मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक का दौरा कर भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।
