देहरादून में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मेहुवाला क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने यह बड़ी कार्रवाई की, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान प्राधिकरण की टीम को मेहुवाला माफी स्थित ईंट भट्टा क्षेत्र के पास अवैध प्लॉटिंग की जानकारी मिली। “श्रीराम इन्क्लेव” नाम से करीब 10 बीघा भूमि पर बिना किसी स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। मामले की पुष्टि होते ही MDDA ने तत्काल बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सैक्टर वाइज टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर रही हैं।
MDDA का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य शहर के विकास को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना और अवैध निर्माण पर समय रहते रोक लगाना है। इस कार्रवाई के बाद अन्य अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है।
