देहरादून के सुनियोजित विकास, पर्यावरण संतुलन और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की 113वीं बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। यह बैठक गढ़वाल मंडल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए लगभग ₹968 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही पिछली कार्यवाही की पुष्टि करते हुए कुल 48 प्रस्तावों पर चर्चा कर नियमानुसार मंजूरी दी गई, जिससे शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। ईको-रिजॉर्ट, होटल, व्यावसायिक निर्माण और आवासीय मानचित्रों को मंजूरी मिलने से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2011 (संशोधित) को अधिसूचना के अनुरूप लागू कर पारदर्शिता और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नए पार्कों के निर्माण को युद्धस्तर पर लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। डिवाइडरों पर हरियाली बढ़ाने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक उपकरणों की खरीद जैसे फैसले शहर को स्वच्छ, हरित और रहने योग्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
